खैरागढ़. नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 11 स्थित ईतवारी बाजार के मछली पसरा एवं रावण भाठा क्षेत्र में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। लंबे समय से खराब सड़क, कीचड़ और आवागमन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को इस निर्माण कार्य से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण से बाजार क्षेत्र और रावण भाठा में आवाजाही आसान होगी तथा बरसात के दौरान होने वाली परेशानियां भी काफी हद तक दूर होंगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष घम्मन साहू तथा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष गिरजा चन्द्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि सीसी रोड का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बरसात के दौरान ईतवारी बाजार के इस हिस्से में लोगों को कीचड़ और जलभराव के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और वार्डवासियों को स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा क्योरिंग (Curing) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद रूपेंद्र रजक के आग्रह पर विक्रांत सिंह ने क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भूमिपूजन समारोह में टी.के. चन्देल, नंद चन्द्राकर, विकेश गुप्ता, चन्द्रशेखर यादव, कमलेश कोठले, संजय शर्मा, नीलिमा गोस्वामी, देविन बाई कोठले, शैलेन्द्र वर्मा, चन्दन गिरी, मुकेश वर्मा, नीलिमा राजपूत, अयूब सोलंकी, ऋषि सिंह तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा होने से ईतवारी बाजार के रावण भाठा क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।


