खैरागढ़. ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का शानदार माहौल में समापन हुआ। 65 से अधिक ग्रुप, करीब 2200 प्रतिभागियों और हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य बना दिया। कभी पदुम लाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल के प्रांगण से शुरू हुआ यह गरबा उत्सव आज बड़े आयोजन का रूप ले चुका है। यह महोत्सव का लगातार 22वां वर्ष रहा, जिसमें जिलेभर के बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


अंतिम दिन जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, राकेश गुप्ता, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, दिनेश वर्मा, विनय देवांगन, संजय शर्मा, शशांक ताम्रकार, रेखा गुप्ता, नीलिमा गोस्वामी, देवीन कोठले, अय्यूब सोलंकी, कीर्ति वर्मा, प्रीति यादव, वंदना टांडेकर, नीलम सिंह राजपूत, चंदन गोस्वामी, मंजीत सिंह, नंद चंद्राकर, महेश गोस्वामी और गरिमा तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। अतिथियों ने गरबा कर रहे प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर आयोजन का निरीक्षण किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

विजेता टीमों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

महोत्सव में मिनी, जूनियर, सीनियर और फ्री ग्रुप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया गया। मिनी ग्रुप में ब्राइट स्पार्क प्रथम, वीपीएस स्टार द्वितीय और इलिजियम पब्लिक स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही। जूनियर ग्रुप में आदर्श कन्या शाला ने प्रथम, शुभ नवरात्रि स्क्वाड ने द्वितीय और आंग्ल पूर्व माध्यमिक शाला की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सीनियर ग्रुप में पीएम श्री बख्शी स्कूल प्रथम, वेसलियन स्कूल द्वितीय और हाईस्कूल अमलीपारा की टीम तृतीय रही। फ्री ग्रुप में पॉलिटेक्निक कॉलेज ने प्रथम, राधाकृष्ण गरबा ग्रुप ने द्वितीय और युवा कॉलेज ऑफ आईटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खैरागढ़ आइडल का पुरस्कार रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय के ग्रुप को दिया गया।

विशेष पुरस्कारों में रंगरेज गरबा ग्रुप को उभरते सितारे, बरेठपारा ग्रुप को स्वच्छता पुरस्कार, नूर ए रास गरबा ग्रुप को आकर्षक वेशभूषा और डाइट खैरागढ़ को अनुशासित टीम का सम्मान मिला। सभी विजेता टीमों को अतिथियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अंतिम दिन के व्यक्तिगत पुरस्कार भी घोषित
अंतिम दिन के व्यक्तिगत पुरस्कारों में मास्टर ईव का खिताब अभिराज शर्मा को मिला, जो ब्राइट स्पार्क ग्रुप से जुड़े हैं। बेबी मिस ईव का पुरस्कार लिटिल डांडिया क्वींस ग्रुप की शिविजा मिश्रा को दिया गया। मिस्टर ईव का खिताब पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्रुप के मनपंवर पटेल ने हासिल किया, जबकि मिस ईव का पुरस्कार रंगरेज गरबा ग्रुप की आस्था सिंह को मिला। इन्हें भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सहयोगियों का सम्मान, विक्रांत सिंह ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर पालिका की सफाई टीम, पत्रकार, सोशल मीडिया पार्टनर और वॉलेंटियर्स को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने सभी विजेता टीमों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोजन की शुरुआत के समय कल्पना भी नहीं थी कि यह छोटा-सा प्रयास एक दिन इतना भव्य रूप ले लेगा। आज जिलेभर से बच्चे और युवा यहां आकर गरबा का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करते हुए आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वॉलेंटियर्स और पुलिस जवानों के प्रति आभार जताया।
आयोजन को सफल बनाने में आलोक श्रीवास, आयश सिंह, पीयूष पटेल, ऋषभ सिंह और अनीश सिंह सहित पूरी टीम का अमूल्य योगदान रहा।


