खैरागढ़/गंडई. जिले की गंडई पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सालय में हुई चोरी के मामले का पर्दाफाश कर एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण सहित अन्य सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी श्याम लाल चातर बिदनी (58 वर्ष), निवासी पशु चिकित्सालय गंडई, ने थाना गंडई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर 2025 की रात अज्ञात चोर ने पशु चिकित्सालय कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर रखे कंप्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, पेन ड्राइव और डूल पम्प चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 13,600 रुपये बताई गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना गंडई में अपराध क्रमांक 375/25 के तहत धारा 331 एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद से पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी थी।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शेख वसीम उर्फ आयुष खान (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06, कंपोजिट गंडई, ने चोरी का सामान अपने घर के पीछे बाड़ी में बनी झोपड़ी में एक बड़ी पेटी में छुपाकर रखा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तस्दीक की, जहां झोपड़ी के भीतर रखी पेटी से चोरी गए कंप्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, पेन ड्राइव और डूल पम्प बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को KCG पुलिस की सतर्कता और प्रभावी जांच का परिणाम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।




