खैरागढ़. रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के तहत 20 अगस्त 2026 को नर्मदा-गंडई क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी (FSSAI) सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO-FSSAI) दीपक घृतलहरे ने नर्मदा-गंडई क्षेत्र स्थित मेसर्स सिन्हा होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए बेसन लड्डू के नमूने संकलित किए गए। वहीं मेसर्स कल्याण एजेंसी का निरीक्षण कर चॉकलेट एवं कन्फेक्शनरी मिठाई के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल छह सर्विलांस नमूने जांच के लिए संकलित किए गए हैं।

इसके अलावा मेसर्स यादव होटल का भी निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

विभाग द्वारा अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के पालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संकलित नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


