खैरागढ़. शिव और शक्ति के मिलन के महापर्व महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को पूरा खैरागढ़ शिवमय वातावरण में रंगा नजर आया। नगर के सभी शिव मंदिरों में सुबह से लेकर रात्रि तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर परिसरों में भंडारे व प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिससे सेवा और समर्पण का भाव हर ओर दिखाई दिया।

नगर के प्राचीन वीरेश्वर महादेव मंदिर और रूख्खड़ स्वामी मंदिर महाशिवरात्रि पर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वीरेश्वर महादेव मंदिर को गेंदे के फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहाँ दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं रूख्खड़ स्वामी मंदिर में सात दिवसीय श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव के तहत आज प्रातः 4 बजे से विशेष प्रहर पूजा आरंभ की गई।

विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन, महारुद्राभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया गया। दूध, दही, घृत, शहद, गंगाजल एवं पवित्र जल से शिवलिंग का अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की शांति की कामना की। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।

दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। स्वयंसेवकों ने प्रसाद, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।

मंदिर परिसर में 10 फरवरी से चल रहे महामृत्युंजय यज्ञ की पूर्णाहुति महाशिवरात्रि के दिन विधि-विधान से सम्पन्न हुई। सायंकाल भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्पों और ध्वजों से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी दिव्य प्रतीत हुआ।

शाम को मंदिर से “हर-हर महादेव” और “रूख्खड़ बाबा की जय” के जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण करती हुई वीरेश्वर महादेव मंदिर में सम्पन्न हुई। सोमवार को विशाल भंडारे के साथ निःशुल्क कैंसर जांच सहित मेगा मेडिकल शिविर आयोजित होगा। आयोजन समिति ने इसे धर्म के साथ सेवा और जनजागरूकता का माध्यम बताते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।




