खैरागढ़. गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर मानपुर नाका में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रतिष्ठान के अध्यक्ष जीतम राम पाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों एवं मानस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद मानस कार्यक्रम में रामचरितमानस की चौपाइयों और भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मानस गायन के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों और भक्ति रस में डूबे नजर आए।

वक्ताओं ने तुलसीदास जी के जीवन और उनकी कालजयी रचना रामचरितमानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसीदास ने राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके साहित्य में मर्यादा, संस्कार, त्याग और भाईचारे का संदेश मिलता है।
आयोजन में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मानपुर नाका का माहौल पूरी तरह राममय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और मानस पाठ के साथ तुलसीदास जयंती मनाकर उनकी शिक्षाओं को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।


