खैरागढ़. राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के परिसर क्रमांक-1 में ‘फिट इंडिया अभियान’ के तहत “एक घंटा खेल के मैदान में” तथा राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। 28 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस महोत्सव में विद्यार्थियों के लिए दौड़, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, स्पून रेस, बैडमिंटन और कबड्डी सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

खेल महोत्सव भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। इसका उद्घाटन 28 अगस्त को विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने किया। आयोजन विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. रबि नारायण गुप्ता की देखरेख में किया जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में खेल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय को नियमित खेलकूद, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद खेल मैदान में शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने खेल को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सामूहिक शपथ ली।
महोत्सव के पहले दिन 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। महिला एवं पुरुष वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन पर दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में डॉ. नमन दत्त, विभागाध्यक्ष, गायन विभाग, डॉ. लीकेश्वर वर्मा, सहायक प्राध्यापक, गायन विभाग, अतिथि व्याख्याता डॉ. उमेश नेताम तथा शोधार्थी निहारिका, मधुष्मिता एवं जयपाल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल है।


