खैरागढ़. वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. महेश मिश्रा का गुरुवार शाम निधन हो गया। बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे डॉ. मिश्रा का रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार शाम करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही खैरागढ़ शहर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी के लिए पहचान रखने वाले डॉ. महेश मिश्रा के निधन की खबर से उनके परिचितों, शुभचिंतकों, मरीजों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में गहरा दुख है। उनके निधन को शहर और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
परिजनों के अनुसार डॉ. मिश्रा की अंतिम यात्रा शुक्रवार को उनके निवास स्थान इतवारी बाजार से निकाली जाएगी। अंतिम यात्रा में शहर और क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उनके निधन से चिकित्सा जगत के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी एक ऐसी शख्सियत का अवसान हुआ है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।


