खैरागढ़. श्रावण मास के चतुर्थ पावन सोमवार के अवसर पर बरेठपारा खैरागढ़ स्थित सत्येश्वर शिव मंदिर में भव्य रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस अनुष्ठान में खैरागढ़ क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा शामिल हुईं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन करते हुए जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के साथ प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और शंखनाद से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। विधायक वर्मा ने भगवान शिव से क्षेत्र और प्रदेश की जनता पर सदैव कृपा बनाए रखने तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूजन-अर्चन के उपरांत मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


