राजनांदगांव. गांधी जयंती के अवसर पर RIYA WELFARE SOCIETY (RURAL INTEGRATION YOUTH ASSOCIATION) द्वारा राजनांदगांव के चिखली तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने चिखली तालाब परिसर में फैले कचरे, प्लास्टिक सहित अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों से तालाब, नदी एवं अन्य जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

संस्था ने गांधीजी के स्वच्छता और सेवा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान का आयोजन किया। स्वयंसेवकों ने कहा कि स्वच्छ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
RIYA WELFARE SOCIETY ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही शहर और पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक, पदाधिकारी, सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


