रायपुर. छत्तीसगढ़ में महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 2 अगस्त 2026 से बूथ, गांव, वार्ड और पंचायत स्तर पर स्मार्ट मीटर बदलने की मांग को लेकर दो माह का अभियान शुरू किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जिलेवार प्रभारियों की नियुक्ति की है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की जिम्मेदारी पूर्व विधायक छन्नी साहू को सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम उपभोक्ता महंगी बिजली और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। स्मार्ट मीटर को लेकर भी उपभोक्ताओं में असंतोष है। कांग्रेस ने इन्हीं मुद्दों को लेकर अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने और उपभोक्ताओं को सीधे आंदोलन से जोड़ने की रणनीति बनाई है।
प्रदेश कांग्रेस ने जिलेवार नियुक्त प्रभारियों से अपने-अपने जिलों का तत्काल दौरा करने को कहा है। इस दौरान स्थानीय जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ क्षेत्रीय विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेसजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
छह चरणों में चलेगा अभियान
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ, गांव, वार्ड और पंचायत में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से निर्धारित फार्म भरवाएंगे। इस दौरान बिजली बिलों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं से संवाद एवं चर्चा की जाएगी। अभियान की गतिविधियों की फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के साथ ही उन्हें जिला, ब्लॉक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजना होगा।
भरे हुए सभी आवेदन फार्म पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में जमा किए जाएंगे। इसके बाद ब्लॉक कमेटियां इन फार्मों को जिला कांग्रेस कमेटी के पास जमा करेंगी। जिला कांग्रेस कमेटियां जिले के बिजली कार्यालय का घेराव कर एकत्रित आवेदन फार्म वहां जमा करेंगी और इसकी पावती भी लेंगी।
अभियान के अंतिम चरण में सभी जिलों में फार्म भरवाने और बिजली कार्यालय के घेराव के बाद प्राप्त पावती को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी दो माह तक चलाया जाएगा।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पूर्व विधायक छन्नी साहू के नेतृत्व में अभियान को बूथ और पंचायत स्तर तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। कांग्रेस का लक्ष्य उपभोक्ताओं की शिकायतों और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को संगठित रूप से बिजली विभाग से लेकर प्रदेश सरकार तक पहुंचाना है।


