रायपुर. छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने प्रदेश में पटवारी के 200 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के 26 जिलों में पूरी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पटवारी के रिक्त पदों पर भर्ती छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) या कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किए जाने की संभावना है। विज्ञापन जारी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इन जिलों में सबसे ज्यादा पद
जारी आदेश के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में पटवारी के सबसे अधिक 15-15 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्वीकृत रिक्त पदों के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पटवारी भर्ती की मंजूरी के बाद लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार का नया अवसर मिलेगा। भर्ती विज्ञापन जारी होने के साथ ही आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न, आवेदन शुल्क और आवेदन की अंतिम तिथि समेत अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
सरकार के आदेश के बाद अब युवाओं की नजर भर्ती विज्ञापन पर टिकी है। विज्ञापन जारी होते ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।


