बिलासपुर. बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी में भोजली तिहार के अवसर पर विराट भोजली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंचल के दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता की जीवंत झलक देखने को मिली।

समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक तथा जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि पूरे देश-दुनिया में ‘छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया’ कहा जाता है। इसके पीछे यहां के सीधे-सरल, मेहनतकश और ईमानदार लोगों के साथ-साथ हमारी भाषा, संस्कृति, तीज-त्योहार और मिलनसारिता प्रमुख कारण हैं। यही विशेषताएं छत्तीसगढ़ की अपनी अलग पहचान बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि भोजली तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश देता है। हमारी आने वाली पीढ़ियां भी इस समृद्ध परंपरा से जुड़ी रहें, इसके लिए भोजली उत्सव जैसी लोक परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी छत्तीसगढ़वासियों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला, पंडित महेश मिश्रा, कांग्रेस नेता अमित यादव, नंदकिशोर यादव, श्रीमती इंद्राणी कौशिक और गौरी शंकर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ग्राम पंचायत के युवा एवं जुझारू सरपंच टीकाराम यादव ने किया।
इस अवसर पर शुभम श्रीवास, युवा नेता अमन साहू, नरोत्तम पटेल, उपसरपंच राजकुमार पटेल, शेर पाल, द्वारिका प्रसाद पटेल, विनोद यादव, श्रीमती सुनीता यादव, सुश्री अनीता यादव, सुश्री दीपा यादव, पंडित जितेंद्र शर्मा ‘जीतू’, हीलेंद्र ठाकुर, गायिका लक्ष्मी करियारे, भाजपा नेता पुनिराम साहू महाराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन समिति श्री संकट मोचन सेवा समिति के सदस्यों ने श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास का आतिशबाजी, पुष्पहार और स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया। पूरे आयोजन में भोजली तिहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला।


