गंडई. थाना गंडई पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम रोड अतरिया में एक महिला के मकान से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना गंडई स्टाफ द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रोड अतरिया निवासी कांती सोरी अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए अधिक मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गवाहों और हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान मकान में एक महिला मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम कांती सोरी पति राजेश सोरी (42 वर्ष), निवासी ग्राम रोड अतरिया, थाना गंडई, जिला केसीजी बताया। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो एक काले रंग के थैले में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखी मिली।
पुलिस ने थैले से 120 पौवा देशी शोले प्लेन शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 21.600 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 9,600 रुपये है। शराब के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने शराब को सीलबंद कर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पाए जाने पर थाना गंडई में अपराध क्रमांक 251/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


