गंडई. गंडई के कोपेभाठा गोडवाना मैदान में झांकी कार्यक्रम के दौरान चोरी की नीयत से एक घर में घुसे युवक को गंडई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 03 पंडरिया गंडई निवासी शब्बू उर्फ अब्बास खान (29) पिता लतीफ खान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 12 सितंबर की रात कोपेभाठा गोडवाना मैदान में पटपर वाले की झांकी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान प्रार्थिया अपने परिवार और तीन बच्चों के साथ रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर झांकी देखने गई थी। अचानक बारिश शुरू होने पर परिवार करीब 11:30 बजे वापस लौटा। घर पहुंचने पर बाहर का सांकल और ताला टूटा मिला, जबकि अंदर से दरवाजा बंद था।
इसी बीच अंदर से खिड़की तोड़ने की आवाज सुनाई दी। प्रार्थिया ने तत्काल अपने देवर अशोक पटेल और पड़ोसियों को आवाज दी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई, जहां मोहल्ले का ही शब्बू उर्फ अब्बास खान चोरी की नीयत से घर के अंदर मौजूद मिला और उसे मौके पर पकड़ लिया गया।
गंडई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मौके की जांच, गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध सिद्ध पाए जाने पर 13 सितंबर को दोपहर 2:10 बजे आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


