खैरागढ़. जिला केसीजी पुलिस ने महिलाओं को अश्लील टेक्स्ट मैसेज भेजकर परेशान करने वाले आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में थाना गातापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई महत्वपूर्ण रही।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार अश्लील टेक्स्ट मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान प्रार्थिया के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाली गई तथा संदिग्ध नंबर की जानकारी साइबर सेल की मदद से जुटाई गई। तकनीकी जांच में उक्त मोबाइल नंबर ग्राम डुमरडीह निवासी कौशल कुमार पटेल (28 वर्ष), पिता शिव कुमार पटेल के नाम पर होना पाया गया।
पुलिस ने आरोपी को थाना बुलाकर पूछताछ की, जहां उसने महिला को अश्लील संदेश भेजने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद थाना गातापार में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 13/2026 के तहत धारा 75(2), 75(3) एवं 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दे दी गई थी। आरोपी को माननीय जेएमएफसी न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया या मोबाइल के माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की अश्लील हरकत, धमकी या साइबर उत्पीड़न की शिकायत तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

