खैरागढ़. शहर के वार्ड नंबर 20 स्थित इंदिरा आवास के रहवासियों की आवाजाही का रास्ता बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। कन्या महाविद्यालय के निर्माण कार्य के चलते वर्षों से उपयोग में आ रहा मार्ग बंद होने के बाद वार्डवासियों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेने कहा जा रहा है। इससे नाराज वार्ड के महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुराने मार्ग को दोबारा शुरू करने की मांग की।

वार्डवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के सामने स्थित मार्ग से आवागमन करते आ रहे हैं। अब कन्या महाविद्यालय की स्वीकृति और भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से यह प्रमुख रास्ता बंद हो गया है। महाविद्यालय प्रशासन उक्त मार्ग को कॉलेज की जमीन का हिस्सा बता रहा है, जबकि रहवासियों के अनुसार, वे यहां रहने के समय से ही इसी रास्ते का उपयोग करते रहे हैं।

इस मामले में वार्डवासियों ने 13 अक्टूबर को भी मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुराने मार्ग को पुनः शुरू करने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, रहवासियों का कहना है कि उन्हें इंदिरा आवास के पीछे से ग्राम हिरावाही मार्ग की ओर जाने की सलाह दी जा रही है, जिसे वे किसी भी स्थिति में सुविधाजनक नहीं मान रहे हैं।
तीन किलोमीटर अतिरिक्त सफर, सुरक्षा पर भी सवाल
वार्डवासियों के मुताबिक, वैकल्पिक मार्ग अपनाने पर उन्हें करीब तीन किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। यह रास्ता महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है। उनका आरोप है कि शाम होते ही मार्ग पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आवाजाही को लेकर चिंता बनी रहती है।

इसके अलावा, इस मार्ग पर स्थित मोतिनाला पुल का निर्माण कई वर्षों से अधूरा पड़ा है। पुल की स्थिति ऐसी है कि मोटरसाइकिल से गुजरना भी मुश्किल होता है। ऐसे में इस रास्ते से नियमित आवागमन करना जोखिम भरा है। वार्डवासियों ने आशंका जताई कि यदि किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए, तो एंबुलेंस का वार्ड तक पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधूरे पुल और असुरक्षित रास्ते के कारण वैकल्पिक मार्ग उनकी समस्या का समाधान नहीं है। उनकी मांग है कि वर्षों से उपयोग में आ रहे पुराने मार्ग को दोबारा आवागमन के लिए खोला जाए। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि पुराना रास्ता शुरू नहीं हुआ तो चक्काजाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
वार्डवासियों की समस्या और मांग को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल अपर कलेक्टर, एसडीएम और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा रहवासियों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।


