खैरागढ़. रुख्खड़ स्वामी महोत्सव के पावन अवसर पर क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्तिक पूर्णिमा पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली गंगा आरती की परंपरा को जीवंत बनाए रखने वाले आयोजकों और धर्म ध्वजा वाहकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर गंगा आरती के संयोजक डॉ. अरुण भारद्वाज सहित महादेव मंदिर ट्रस्ट समिति के सभी सदस्यों को शॉल, श्रीफल और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा की गंगा आरती अब क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुकी है। हरिद्वार की तर्ज पर आयोजित इस आरती ने न केवल धार्मिक वातावरण को सुदृढ़ किया है, बल्कि युवाओं में आध्यात्मिक चेतना और परंपराओं के प्रति जुड़ाव भी बढ़ाया है।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों को सामाजिक सौहार्द, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संवाहक बताया। समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में इस परंपरा को और अधिक भव्य रूप देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा और धार्मिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।




