खैरागढ़. दाऊचौरा स्थित अवंती स्कूल के पास गुरुवार शाम करीब 5:40 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतपुर निवासी महेश मंडावी (35 वर्ष), पिता बेदू मंडावी, खैरागढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अमलीडीह निवासी दिनेश पोटले खैरागढ़ की ओर आ रहे थे। अवंती स्कूल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में महेश मंडावी के जबड़े में गंभीर चोट आई है और होंठ कट गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल महेश मंडावी को खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दिनेश पोटले को मामूली चोटें आई हैं।
सूत्रों के अनुसार, महेश मंडावी के नशे की हालत में बाइक चलाने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।


