रायपुर. राजधानी रायपुर में पुलिस और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रायपुर सेंट्रल जेल में बंद दो विचाराधीन कैदी कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और शहर के सभी प्रमुख निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं में जेल में बंद थे। गुरुवार को उन्हें नियमित पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। बताया जा रहा है कि पेशी से पहले, जब दोनों कैदी कोर्ट मुहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी उन्होंने मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।
कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से कैदियों के गायब होने की सूचना मिलते ही वहां तैनात पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों और जेल प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने फरार कैदियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही, इस घटना को लेकर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है, जिन पर लापरवाही बरतने के आरोप तय हो सकते हैं।
घटना ने एक बार फिर कोर्ट पेशी के दौरान कैदियों की सुरक्षा और पुलिस अभिरक्षा की व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।




