खैरागढ़. क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के सतत प्रयासों एवं अनुशंसा से विभिन्न ग्रामों में अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकरण निधि के तहत 82 लाख रुपए के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। वहीं विधायक निधि से 18.50 लाख रुपए के तीन अन्य कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह क्षेत्र में कुल 1 करोड़ 50 हजार रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।
स्वीकृत कार्यों में ग्राम कुकुरमुड़ा के वार्ड 6 व 7 में सीसी रोड के लिए 5 लाख, बोदागढ़ में मेनरोड से महामाया मंदिर तक सीसी रोड के लिए 5 लाख, अवेली में सीसी सड़क के लिए 5 लाख, मंडला में सीसी रोड के लिए 10 लाख, कोड़का में सीसी रोड के लिए 10 लाख, उर्तुली में 5 लाख, भुलाटोला में 5 लाख, साल्हेकला के वार्ड 15 में 5 लाख, जंगलपुरघाट में 5 लाख, खैरानवापारा में 5 लाख तथा मुतेड़ा में सीसी सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपए शामिल हैं।
इसके अलावा ग्राम कनीमेरा में अमरलाल साहू के घर से परस राम सारथि के घर होते हुए नरवा तक पक्की नाली निर्माण के लिए 12 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
विधायक निधि से ग्राम मुरई में शनि मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 2.50 लाख रुपए, खैरानवापारा, पंचायत जंगलपुरघाट के आदिवासी पारा में सामुदायिक भवन के लिए 6 लाख रुपए तथा ग्राम मजगांव, पंचायत बागुर में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
विधायक यशोदा वर्मा ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। विकास कार्यों की स्वीकृति से संबंधित गांवों में ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।


