खैरागढ़. स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह मैदान में पुलिस विभाग और परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के स्कूली वाहनों का व्यापक भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 21 स्कूल बसों और वैन की बारीकी से जांच की गई। जिन वाहनों में सुरक्षा संबंधी खामियां मिलीं, उन्हें दो दिवस के भीतर सुधार कर पुनः निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण अभियान में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल भगत (राजनांदगांव) ने केसीजी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा यातायात नियमों के पालन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान वाहनों के पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, फिटनेस, बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान कुछ वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी खामियों को दूर कर दोबारा निरीक्षण कराने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं किया गया या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई तो संबंधित स्कूल वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान बस चालकों एवं परिचालकों को अग्निशमन यंत्र के आपातकालीन उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस और परिवहन विभाग ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


