गंडई. शासकीय महाविद्यालय, गंडई में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. एस. वर्मा ने की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, नियमित कक्षाओं के साथ सह-पाठ्यक्रम एवं अन्य महाविद्यालयीन गतिविधियों की जानकारी दी गई। इनमें एनएसएस, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस एवं खेलकूद जैसी गतिविधियां शामिल हैं। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत उच्च शिक्षा में हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं पाठ्यक्रमीय परिवर्तनों, सक्रिय सहभागिता तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व से भी अवगत कराया गया।
प्राचार्य डॉ. एन. एस. वर्मा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, अनुशासन एवं उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा अध्ययन के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री टी. एल. वर्मा, श्री जी. के. कौशिक, श्री बी. आर. वर्मा, श्री पी. के. अमिला, डॉ. पद्मिनी सिन्हा, डॉ. दिलेश्वरी साहू, डॉ. गौरव जैन, श्री आसित साहू, श्री दीपांशु यादव, डॉ. तामेश्वर प्रसाद, श्रीमती शिल्पी देवांगन, श्रीमती योगिता लहरे एवं हेमंत मिश्रा सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन परिवेश से परिचित कराने के साथ उनमें शैक्षणिक अभिरुचि, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा।


