धमधा. धमधा–खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर बरहापुर के पास बुधवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरहापुर से धमधा आ रहे दो सगे भाई—जगन्नाथ साहू और रोहित साहू—बाइक से यात्रा कर रहे थे, तभी धमधा से खैरागढ़ की ओर जा रहे एक बेकाबू अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धमधा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटे भाई रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई जगन्नाथ साहू की हालत नाजुक होने पर उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद बरहापुर और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। बताया गया कि 20 फरवरी को बरहापुर में साहू समाज का सामूहिक विवाह आयोजित है, जिसमें पीड़ित परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात जाने की तैयारी थी। अचानक हुए हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश में धमधा पुलिस जुटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच तेज कर दी है।




