खैरागढ़. शासकीय माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक शाला अमलीपारा में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में शाला विकास समिति के सदस्य सुभाष चावड़ा, याहया नियाजी, चंद्रेश वर्मा, आनंद चोपड़ा, प्राचार्य सुनील गुनी सहित गणमान्य नागरिक, हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शाला विकास समिति के सदस्य सुभाष चावड़ा ने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। शाला में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा गरिमा साहू, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रीतानी यादव तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिज्ञा रजक को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मेधावी छात्राओं को सम्मान मिलने से अन्य विद्यार्थियों का भी उत्साह बढ़ा।

इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले 25 विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर उनकी प्रतिभा और सहभागिता का सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में शाला के विकास के साथ छात्राओं एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। अतिथियों ने कहा कि विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देकर ही मजबूत भविष्य की नींव रखी जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाई।



