खैरागढ़. गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शासकीय मिडिल व हाई स्कूल अमलीपारा में स्वच्छता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने महात्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश को आत्मसात करते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष कमलेश कोठले उपस्थित रहे। उनके साथ समिति के सदस्य सुभाष चावड़ा एवं अरविंद वर्मा, प्रधानपाठक गीता यादव, प्राचार्य सुनील गुनी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता निभाते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।



