खैरागढ़. गांधी जयंती के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
कलेक्टोरेट में गांधी प्रतिमा की सफाई कर किया श्रमदान


गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। इधर-उधर पड़े कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया और आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ किया गया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति दिनेश साहू, घम्मन साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ में उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान

इसके बाद सांस्कृतिक भवन में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छाग्राहियों, स्वच्छता दीदियों, स्वच्छाग्राही समूहों, नगरपालिका के कमांडो दल, ग्राम पंचायतों और सहयोगी टीमों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अमलीडीह, अतरिया, आवेली, मुड़ीपार, टेकापार, सोनपुरी, भोथीली, गोपालपुर, झूरानदी, कामठा, मदनपुर, रुसे एवं चारभंठा सहित विभिन्न पंचायतों को सम्मान मिला।


कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, घम्मन साहू, गोरेलाल वर्मा, विकेश गुप्ता, कमलेश कोठले, नीलिमा गोस्वामी, शैलेन्द्र मिश्रा, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र त्रिपाठी, नीलम राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छाग्राही एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।
वेस्ट टू आर्ट का प्रदर्शन
समारोह में ग्राम पंचायत मदनपुर, अतरिया एवं दिलीपपुर के स्वच्छाग्राहियों ने अनुपयोगी सामग्री से तैयार ‘वेस्ट टू आर्ट’ सामग्री का प्रदर्शन किया। वहीं जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी गई।

27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन स्थलों में श्रमदान किया गया था। 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ अभियान के तहत जिलेभर में सामूहिक श्रमदान हुआ। पर्यटन स्थलों की गतिविधियों की वीडियो कवरेज कर अभियान का संदेश पहुंचाने वाली इन्सुलर वीडियोग्राफी टीम के साकेत श्रीवास्तव, दिनेश साहू, खुमेश रजक, सन्नी यदु, मनोहर सेन, चंद्रेश कोसरे, अजय, भूपेंद्र जंघेल, चंदन वर्मा एवं वर्षा वर्मा, मयंक रजक को भी सम्मानित किया गया।

विक्रांत सिंह ने स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त ग्राम-शहर के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। गिरजा चंद्राकर ने प्लास्टिक रोकथाम और स्वच्छता गतिविधियों में नागरिकों से सहयोग मांगा, जबकि राजेश्री त्रिपाठी ने कचरे का पृथक्करण कर चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्र करने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की। कलेक्टर चंद्रवाल ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है।


