खैरागढ़. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विधायक यशोदा वर्मा ने थाना खैरागढ़ पहुंचकर पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जवानों को अपना भाई मानते हुए रक्षा सूत्र बांधा तथा क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने के उनके दायित्व को नमन किया।

विधायक वर्मा ने कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी तरह पुलिस के जवान भी दिन-रात समाज और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए अपना कर्तव्य निभाते हैं। वे अपने परिवार से दूर रहकर भी लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सेवाएं देते हैं।

राखी बांधते समय विधायक ने पुलिस जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। साथ ही क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और खुशहाली के लिए उनके समर्पण की सराहना की। रक्षाबंधन का यह आयोजन भाई-बहन के प्रेम, आपसी विश्वास, संस्कार और भारतीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर बन गया। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने भी विधायक से रक्षाबंधन की शुभकामनाएं स्वीकार करते हुए क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्य और जिम्मेदारी को दोहराया।


