खैरागढ़. नगर के पिपरिया वार्ड में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संत असंग देव के सुखद सत्संग कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। इस गरिमामय आयोजन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह विशेष रूप से शामिल हुए और संत असंग देव के प्रवचनों को श्रवण कर आध्यात्मिक रसपान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में तब्दील हो गया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। सत्संग के दौरान राष्ट्रीय संत असंग देव ने जीवन के मूल्यों, सदाचार, सेवा और सत्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके प्रेरक प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्ममंथन और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में विक्रांत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय संत असंग देव का खैरागढ़ आगमन क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य और सत्संग मानव जीवन को सही दिशा देने का कार्य करता है। आज के भौतिक और तनावपूर्ण जीवन में ऐसे आध्यात्मिक आयोजन मानसिक शांति, आत्मबल और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सत्संग से व्यक्ति में सेवा, संयम और सद्भाव की भावना विकसित होती है, जो समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि आध्यात्मिक चेतना से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है और इस प्रकार के आयोजनों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द मजबूत होता है।
सत्संग कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, पूर्व अध्यक्ष घम्मन साहू, दिनेश वर्मा, राकेश ठाकुर, प्रकाश वर्मा, राजू जंघेल, हर्ष वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा आयोजन शांत, अनुशासित और भक्तिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने नगरवासियों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया।




