खबरों का प्रहरी न्यूज. ज्ञान का महाकुंभ : संघर्ष मंच द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन, 6,800 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
खैरागढ़. शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संघर्ष मंच द्वारा आयोजित द्वितीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2025 उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस बार प्रतियोगिता में खैरागढ़, छुईखदान-गंडई जिले के 6,800 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता 28 सितंबर को जिलेभर के 40 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। प्रतिभागियों को तीन आयु वर्गों—8 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष और 18 से 40 वर्ष—में विभाजित कर प्रश्नपत्र दिए गए। विषयों में सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, तार्किक प्रश्न, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, खेल और छत्तीसगढ़ व राष्ट्रीय सामान्य अध्ययन शामिल रहे। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के इतिहास और नवीन जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से जुड़े प्रश्नों को भी शामिल किया गया।
विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, साथ ही प्रत्येक आयु वर्ग के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति पत्र और प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से निःशुल्क शैक्षिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सभी प्रतिभागियों को फ्री कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि कक्षा पाँचवीं के बच्चों को नवोदय परीक्षा की कोचिंग, कक्षा आठवीं के बच्चों को प्रयास विद्यालय प्रवेश परीक्षा की कोचिंग और कक्षा दसवीं व बारहवीं के परीक्षार्थियों को प्रमुख विषयों में निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से संपन्न इस आयोजन में प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए ताकि युवाओं को CGPSC, UPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। पूरे आयोजन के दौरान जिले में शैक्षिक उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।




