खबरों का प्रहरी न्यूज. तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव का हुआ आगाज़, हजारों प्रतिभागी गरबा की थाप पर थिरके

खैरागढ़. नवरात्र पर्व पर आयोजित होने वाला तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव बुधवार को बारिश के चलते स्थगित करना पड़ा था, लेकिन गुरुवार की शाम मौसम साफ होते ही नगर का ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान भक्तिरस और उमंग से सराबोर हो उठा।

उमंग से भरा पहला दिन

पहले दिन ही हजारों की संख्या में बच्चे, युवक-युवतियां आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में गरबे की थाप पर थिरकते नज़र आए। महोत्सव चार वर्गों — मिनी, जूनियर, सीनियर और फ्री ग्रुप — में विभाजित है, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।

अतिथि पहुंचे प्रतिभागियों के बीच

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मौजूद रहे। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू सहित अन्य अतिथि प्रतिभागियों के बीच पहुंचे।
अतिथियों ने प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर आकर्षक वेशभूषा में गरबा नृत्य कर रहे प्रतिभागियों की खूब सराहना की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन को मिला सम्मान

महोत्सव की विशेषता यह है कि प्रतिदिन श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाता है। पहले दिन मास्टर प्रिंस का पुरस्कार ब्राइट स्पार्क स्कूल के छात्र दिव्यांशु यादव, बेबी प्रिंसेस का पुरस्कार इलिजियम पब्लिक स्कूल की छात्रा वर्तिका नामदेव, मिस्टर इव का पुरस्कार इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र अंकित सिंह और मिस इव का पुरस्कार नवरस गरबा ग्रुप की नीतिका सिंह को मिला।
अनुशासन और संचालन
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह ने किया, जिन्होंने अपनी टीम के साथ आयोजन को सुव्यवस्थित और मनोरंजक बनाए रखा।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे गणमान्य

रास गरबा महोत्सव के पहले दिन जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, भाजपा उपाध्यक्ष व महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलिमा महेश गोस्वामी, ग्रामीण मंडल भाजपा अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, जनपद सदस्य खेमराज जैन, सरस्वती यदु, पार्षद देवीन कोठले, रेखा गुप्ता, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र वर्मा, मंजीत सिंह, ऋषभ सिंह, पीयूष पटेल, अनीश सिंह, हर्षवर्धन वर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और हजारों दर्शकगण मौजूद रहे।




