खैरागढ़. वित्त वर्ष 2025-26 के राज्य बजट में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए सिंचाई, सड़क, पुल-पुलिया और अधोसंरचना विकास से जुड़े करोड़ों रुपये के कार्यों को शामिल किया गया है। इन प्रावधानों को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रयासों से इन योजनाओं को स्वीकृति मिली है।
सिंचाई परियोजनाओं को मजबूती
कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आमनेर नदी में मूतेडा रपटा कम स्टॉप डेम निर्माण हेतु 8.65 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। चिंगली डायवर्सन योजना के जीर्णोद्धार एवं नहर रिमॉडलिंग के लिए 4.69 करोड़, जिराटोला जलाशय के जीर्णोद्धार व नहर कार्य हेतु 2.78 करोड़, डूडा डायवर्सन शीर्ष कार्य के लिए 16.46 करोड़ तथा सेतवा जलाशय के जीर्णोद्धार व नहर लाइनिंग के लिए 8.17 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सिंगारपुर व्यपवर्तन शीर्ष कार्य के लिए 3.09 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पुल-पुलिया एवं सड़क विकास
लोक निर्माण विभाग अंतर्गत गंडई-धमधा मार्ग, पैलीमेटा-खैरानवापारा-बेंद्री मार्ग, पंडरीपानी-समुदपानी मार्ग और चोभर-बगार-झोला-झिलमिली मार्ग पर उच्चस्तरीय पुल-पुलिया निर्माण हेतु 7.60 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। बघमर्रा-करमतरा, धनगांव-गोदरी, खैरागढ़-आकरजन, मानपुर पहाड़ी-मोहगांव, जालबांधा-खैरागढ़ तथा छुईखदान-गंडई मार्ग सहित कई स्थानों पर एक-एक करोड़ की अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया गया है।
शहरी क्षेत्र खैरागढ़ और गंडई में 3-3 किमी सड़क निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये, कुकुरमुड़ा-सिंघोरी मार्ग (4.20 करोड़), खैरागढ़-डोंगरगढ़ बीटी नवीनीकरण (5.40 करोड़), खैरागढ़-लांजी रोड मजबूतीकरण (6.30 करोड़) तथा बिरुटोला-गढ़बंजा पहुंच मार्ग (8.10 करोड़) शामिल हैं।
छुईखदान-उदयपुर-बुंदेली मार्ग के 27 किमी उन्नयन व पुनर्निर्माण हेतु 122.85 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।
भवन एवं अन्य अधोसंरचना
खैरागढ़ में 500 सीटर मल्टीपर्पज हॉल (4 करोड़), सर्किट हाउस (4 करोड़), गंडई रेस्ट हाउस अतिरिक्त कक्ष (1 करोड़), सल्हेवारा रेस्ट हाउस (1.20 करोड़), छुईखदान रेस्ट हाउस में 3 अतिरिक्त कक्ष (1 करोड़) तथा आवासीय भवन निर्माण (1.5 करोड़) को भी बजट में स्थान मिला है।
इसके अतिरिक्त छुईखदान उप पंजीयक भवन (80 लाख), पॉलिटेक्निक कन्या छात्रावास में 3 अतिरिक्त कक्ष (50 लाख) तथा विभिन्न ग्रामीण सड़कों के लिए 50-50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विधायक वर्मा ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और सिंचाई मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कृषि, यातायात और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।




