खैरागढ़. केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताते हुए जिला केसीजी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष उमा चौबे ने कहा कि यह अधिनियम देश की मातृशक्ति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से महिलाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने और अपने सपनों को साकार करने का सशक्त अवसर मिलेगा।
उमा चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इस अधिनियम के जरिए महिलाओं को न केवल सम्मान और सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को विधायिकाओं में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे नीति निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
जिला महिला मोर्चा एवं आम नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देश की नारी शक्ति और अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनेगी। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ निश्चित रूप से महिलाओं के समग्र विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को नई दिशा प्रदान करेगा।




