खैरागढ़: जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में 4 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नालंदा परिसर का भूमिपूजन समारोह रविवार को विधिवत संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह थे, जिन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर परिसर का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

भूमिपूजन समारोह में संबोधन करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के लिए नालंदा परिसर की स्वीकृति दी है, जो जिले के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री अरुण साव और लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे का आभार व्यक्त किया।

विक्रांत सिंह ने कहा, “इस परिसर के निर्माण से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा। भाजपा सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दे रही है, और नवीन जिले के समग्र विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्य एवं जनहित योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा रही है।”

कार्यक्रम में पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, टीके चंदेल, गिरजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, देवीन बाई कोठले, मोनिका रजक, शशांक ताम्रकार, नंद चंद्राकर, गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, हर्ष वर्मा, अनुज देवांगन, आलोक श्रीवास, हरप्रसाद वर्मा, केशव चंदेल, प्रेमसागर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।
समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, और उपस्थित लोगों ने नालंदा परिसर के निर्माण को जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक नई क्रांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया।




