खैरागढ़. विभिन्न जनसमस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में मुढ़ीपार और ठेलकाडीह क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण राजपूत क्षत्रिय भवन में एकत्र हुए, जहां आमसभा आयोजित की गई। इसमें विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने भाजपा सरकार को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर घेरा।


आमसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। रैली अंबेडकर चौक और नया बस स्टैंड होते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ी। कलेक्टर कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले पुलिस जवानों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बड़ी संख्या में मौजूद आक्रोशित प्रदर्शनकारी आगे बढ़ गए। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मुख्य द्वार के बाहर ही कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के चलते खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवाजाही बाधित रही। बाद में जिला प्रशासन की ओर से डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं। उन्होंने विधायक और प्रदर्शनकारियों से चर्चा करते हुए प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आने वाली समस्याओं का जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
विधायक ने गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं
प्रदर्शन के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से कई गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को लेकर वे कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुकी हैं और विधानसभा में भी लगातार आवाज उठा चुकी हैं, लेकिन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने खैरागढ़ से डोंगरगढ़ मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं और लगातार लोग दुर्घटनाओं में घायल हो रहे हैं। सड़क की मरम्मत के लिए वे कई बार प्रदर्शन भी कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कई गांवों में जर्जर आंगनबाड़ी और पंचायत भवनों का मुद्दा भी उठाया। विधायक के मुताबिक, प्रधानपाठ बैराज के गेट टूटे होने के कारण बारिश का पानी रुक नहीं पा रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। वहीं ठेलकाडीह में कॉलेज भवन नहीं होने के कारण स्कूल और कॉलेज का संचालन एक ही भवन में किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि लगातार मांग, ज्ञापन और विधानसभा में मुद्दा उठाने के बावजूद जब शासन-प्रशासन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाया, तब कांग्रेस को ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लेना पड़ा।
स्थानीय नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा में
प्रदर्शन में खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित स्थानीय नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। इस संबंध में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि प्रदर्शन की जानकारी सभी को दी गई थी। संभव है कि किसी कारणवश विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा सहित स्थानीय नेता प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है और मांगें पूरी नहीं होने पर ही यह प्रदर्शन किया गया।


