खैरागढ़. आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए KCG पुलिस अलर्ट मोड पर है। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, खैरागढ़ के नेतृत्व में थाना खैरागढ़ क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग और विजिबल पुलिसिंग की गई। पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों, होटल, लॉज, ढाबों, आउटर क्षेत्रों और अन्य संदिग्ध स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान क्षेत्र में स्थापित गणेश पंडालों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समितियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समितियों को पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने होटल, लॉज और ढाबों की भी जांच की। संचालकों को आगंतुकों का उचित सत्यापन करने तथा परिसर में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
KCG पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों के दौरान अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।


