खैरागढ़. सिविल अस्पताल खैरागढ़ में स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूक करते हुए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और सभी को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई।
शिविर में कुल 47 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच के बाद 20 हितग्राहियों को 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं 6 आवेदक निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने के कारण अपात्र पाए गए।
इसके अलावा 21 दिव्यांगजनों को मानसिक रोग तथा नाक, कान एवं गला संबंधी जटिल समस्याओं के चलते विस्तृत परीक्षण और विशेषज्ञ उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि रेफर मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, दिव्यांग प्रमाण पत्र से मिलने वाली सुविधाओं, पेंशन योजना, उपचार सहायता तथा पुनर्वास सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। हितग्राहियों ने शिविर के माध्यम से मिली सुविधाओं और मार्गदर्शन पर संतोष व्यक्त किया।


