खैरागढ़. देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में राष्ट्रभक्ति का उत्साह चरम पर है। अभियान के अंतर्गत 10 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को छुईखदान में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने प्रमुख रूप से शामिल होकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। हाथों में शान से लहराते तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में नागरिक यात्रा में शामिल हुए। लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
यात्रा के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि तिरंगा महज कपड़े का ध्वज नहीं, बल्कि देश की अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता के लंबे संघर्ष का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय ध्वज मुख्य रूप से सरकारी भवनों तक सीमित दिखाई देता था, लेकिन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने तिरंगे को सीधे प्रत्येक भारतीय की भावनाओं और घर के आंगन से जोड़ने का काम किया है। घर पर तिरंगा फहराने से नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपने कर्तव्यों की भावना और मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर में तिरंगा, हर दिल में भारत’ इस अभियान का मूल मंत्र है। राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से 80वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में स्वप्रेरणा से सहभागी बनकर इसे भव्य जन-उत्सव का रूप देने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में नवनीत जैन, ललित चोपड़ा, आनंद सिन्हा, रोशन चन्द्राकर और बलराम जंघेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।


