छुईखदान. जंगल के रास्ते मवेशियों को बिना चारा-पानी दिए डंडे से मारते-पीटते और रस्सियों से बांधकर महाराष्ट्र की ओर कत्लखाने ले जाने के मामले में छुईखदान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20 भैंस बरामद कर श्रीराम गौसेवा समिति छुईखदान के सुपुर्द कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के रास्ते पैदल मवेशियों को निर्दयतापूर्वक हांकते हुए महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने माधवभट्ट जंगल के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके से पीरज उईके (26), संदीप देहारे (32) और राधेलाल गोड़ (50), सभी निवासी चीसटोला, पोस्ट पिपरिया, थाना साल्हेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र), को पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपराध का साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीनों आरोपियों को न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया। कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


