खैरागढ़. नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 50 लाख 70 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के तहत छुईखदान और खैरागढ़ जनपद क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सामुदायिक भवनों और सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।
छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत गोकना, दनिया और भोरमपुर में 6.50-6.50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। वहीं जगमड़वा आश्रित ग्राम रैमड़वा में 5.20 लाख, बरबसपुर आश्रित ग्राम नेवासपुर में 2.60 लाख, लक्ष्मणपुर में 2.60 लाख, उदान आश्रित ग्राम तेंदुभाठा में 2.60 लाख तथा उरतुली आश्रित ग्राम भेंडरा में 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण होगा। खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत अतरिया के वार्ड क्रमांक 11 में भी 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण को मंजूरी दी गई है।
स्वीकृति पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जिले में विकास कार्यों के लिए बजट एवं संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।


