खैरागढ़. खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने केंद्रीय बजट 2026 को देश के किसान, युवा, महिला और व्यापारी वर्ग के हितों को साधने वाला बताते हुए इसे विकसित भारत के संकल्प की दिशा में ठोस और दूरदर्शी कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, रोजगार सृजन बढ़ाने और समावेशी विकास को गति देने वाला दस्तावेज है।
डॉ. साहू ने कृषि क्षेत्र पर बजट के विशेष फोकस को रेखांकित करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए गए प्रावधान खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने में सहायक होंगे। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलेगी। केंद्र सरकार का स्पष्ट लक्ष्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाकर गांवों की समृद्धि सुनिश्चित करना है।
युवाओं के संदर्भ में उन्होंने बताया कि देश में पांच नई यूनिवर्सिटी टाउनशिप की घोषणा उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खोलेगी। इससे शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर भविष्य गढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
महिला सशक्तिकरण को बजट की बड़ी प्राथमिकता बताते हुए डॉ. साहू ने ‘सी मार्ट’ की घोषणा और लखपति दीदी योजना के विस्तार का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये पहलें ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में आगे बढ़ाएंगी, जिससे सामाजिक और आर्थिक ढांचा मजबूत होगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि देश की स्वास्थ्य प्रणाली और अधिक सुदृढ़ हो सके।
व्यापारियों को राहत देते हुए टैक्स प्रक्रियाओं के सरलीकरण और आयकर रिटर्न की तिथि बढ़ाने जैसे फैसलों को उन्होंने सकारात्मक बताया। उनके अनुसार इससे करदाताओं पर अनावश्यक दबाव कम होगा और व्यापारिक वातावरण को गति मिलेगी।
अंत में डॉ. साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 समावेशी विकास की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है, जिसमें किसान, युवा, महिला, व्यापारी और आम नागरिक—सभी के हितों का संतुलन दिखाई देता है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।




