खैरागढ़. वनांचल ग्राम पंचायत देवरी में 17 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्राम के विभिन्न स्थानों पर कुल 1,500 दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण, जनकल्याण और ग्राम की एकजुटता का संकल्प लिया गया। दीपों की रोशनी से पूरा गांव जगमगा उठा।

कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत भवन, अमृत सरोवर के पास, शहीद स्मारक, अटल पंचायत डिजिटल केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुर्वेदिक अस्पताल, अटल चौक, उचित मूल्य की दुकान सहित ग्राम के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों और धार्मिक केंद्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया गया। इस दौरान ग्राम की विहान महिला समूहों ने आकर्षक रंगोली सजाकर दीप जलाए, जिससे आयोजन का माहौल और भी मनोहारी हो गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गंगोत्री वर्मा, उपसरपंच श्री विनोद वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव नाजनीन नियाजी, रोजगार सहायक रामसुख कंवर, पंच एवं सरपंच प्रतिनिधि तेजराम वर्मा तथा हरलाल केलकर सहित ग्रामवासियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। सभी ने गांव की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई। पूरे आयोजन के दौरान देवरी में सेवा, समर्पण, जनकल्याण और सामूहिक एकजुटता का भाव दिखाई दिया।



