खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) 2.0 के तहत नगर पालिका परिषद सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 4 राजफैमिली के हितग्राहियों को भी आवास योजना का लाभ मिला। वार्ड के लोकप्रिय पार्षद एवं नगर पालिका परिषद सभापति सुमित टांडिया ने हितग्राहियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर उन्होंने तीजा पर्व के उपलक्ष्य में वार्ड की महिला हितग्राहियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि और नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर अध्यक्षता कर रही थीं। नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के कुल 57 पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
सुमित टांडिया ने कहा कि वार्डवासियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत मिलना बड़ी राहत है। तीजा के अवसर पर महिला हितग्राहियों का सम्मान कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।
विक्रांत सिंह ने कहा कि पक्का मकान महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि 18 माह में आवास पूर्ण करने पर मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के तहत करीब 32 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलती है।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


