खैरागढ़. आगामी गणेश विसर्जन एवं गणेशोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खैरागढ़ शहर में स्थापित विभिन्न गणेश पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम टंकेश्वर साहू, पुलिस विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम मौजूद रही।

अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं एवं पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया। आयोजन समितियों से चर्चा कर निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
हर झांकी में मौजूद रहेंगे पुलिस जवान

पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने गणेश समितियों को विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान प्रत्येक झांकी के साथ पुलिस जवान मौजूद रहेंगे, ताकि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने समितियों को अनुशासन बनाए रखने तथा पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय कर विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने के निर्देश दिए।

एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि विसर्जन के दौरान कोई व्यक्ति नशे की हालत में माहौल बिगाड़ते या कानून-व्यवस्था प्रभावित करते पाया गया तो उसे तत्काल हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गणेश समितियों से ऐसे लोगों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
समिति सदस्यों के बनेंगे आईडी कार्ड

पुलिस अधीक्षक ने सभी गणेश समितियों को अपने समिति सदस्यों के आईडी कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए। इसका उद्देश्य विसर्जन जुलूस और आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों की पहचान आसानी से सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि आईडी कार्ड से यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन व्यक्ति किस गणेश समिति से जुड़ा है, जिससे व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को भी आसानी होगी।
पंडालों में सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की सुरक्षित व्यवस्था, ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित रखने और आगजनी की स्थिति में बचाव के आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए समितियों को सहयोग करने तथा निर्धारित मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक अवरोध नहीं करने की हिदायत दी गई।
विसर्जन जुलूस में निर्धारित मार्ग और अनुशासन जरूरी

विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, भीड़ को नियंत्रित रखने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नदी, तालाब अथवा अन्य जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए समितियों एवं नागरिकों को अवगत कराया गया।
पैदल गश्त कर लिया शहर की व्यवस्था का जायजा

निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने शहर में पैदल गश्त भी की। प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और गणेश पंडालों के आसपास की स्थिति का जायजा लेते हुए नागरिकों से संवाद किया गया। पुलिस टीम ने विभिन्न पंडालों में पहुंचकर समितियों के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

जिला प्रशासन एवं पुलिस ने गणेश समितियों, श्रद्धालुओं और नागरिकों से गणेशोत्सव को शांति, सौहार्द, अनुशासन एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने अफवाह, विवाद, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा।

अधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार निगरानी और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही समितियों को प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गणेशोत्सव और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।


