खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को केंद्र में रखते हुए KCG पुलिस के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण, जनकल्याण एवं सुरक्षित समाज के प्रति अपने दायित्व और संकल्प को दोहराया। दीपों के माध्यम से समाज में सुरक्षा, विश्वास, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ से भी जोड़ा गया। थाना परिसरों में साइबर सुरक्षा से संबंधित रंगोली और दीप सजाकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से OTP और UPI PIN गोपनीय रखने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध APK डाउनलोड से बचने तथा मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने की अपील की।
पुलिस ने ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने का संदेश भी दिया, ताकि समय रहते ठगी की राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई में सहायता मिल सके।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सेवा, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के संकल्प का प्रतीक बना। KCG पुलिस ने संदेश दिया कि जिस तरह दीपक अंधकार दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी तरह जागरूकता और सतर्कता साइबर अपराध के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


