खैरागढ़. नगर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित इंदिरा आवास के रहवासियों को सड़क की समस्या से राहत मिली है। जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह की पहल के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नया वैकल्पिक मार्ग तैयार होने तक वर्तमान में आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को बंद नहीं किया जाएगा। इससे लंबे समय से इस मार्ग पर निर्भर रह रहे मोहल्लेवासियों को राहत मिली है।
दरअसल, वर्ष 2010 में रानी रश्मिदेवी महाविद्यालय के पीछे करीब 492 इंदिरा आवासों का निर्माण किया गया था। तब से रहवासी महाविद्यालय के पास से होकर आवागमन करते आ रहे हैं। वर्तमान में कन्या महाविद्यालय का निर्माण होने के कारण इस रास्ते के अवरुद्ध होने की आशंका पैदा हो गई थी। इसे लेकर मोहल्लेवासी दो बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से वर्तमान मार्ग को यथावत रखने की मांग कर चुके थे। बीते दिनों भी बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी।


