खैरागढ़. महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर पोषण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जालबांधा में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत कर उनसे सवाल-जवाब किए। बच्चों ने कविताएं सुनाकर मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सुविधाओं का जायजा लिया।

इसके बाद वे आंगनबाड़ी परिसर में आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं गोदभराई कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का तिलक लगाकर तथा उन्हें पोषक आहार देकर गोदभराई की रस्म निभाई। वहीं छह माह के बच्चों को तिलक लगाकर खीर खिलाते हुए अन्नप्राशन संस्कार कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजवाड़े ने महिलाओं को तीज पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पोषण माह केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। यह देखना जरूरी है कि बच्चों तक पोषण आहार वास्तव में पहुंच रहा है या नहीं। बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी केवल आंगनबाड़ी केंद्र की नहीं, बल्कि माता-पिता की भी है।


उन्होंने कहा कि महिला के गर्भवती होने के बाद यह देखना परिवार की जिम्मेदारी है कि वह समय पर दवाइयां ले रही है या नहीं और पर्याप्त पोषक आहार ग्रहण कर रही है या नहीं। आंगनबाड़ी केंद्र मार्गदर्शन कर सकता है, लेकिन गर्भवती महिला और उसके परिवार को स्वयं भी जागरूक रहना होगा, ताकि कुपोषित बच्चे का जन्म न हो। उन्होंने कहा कि भगवान ने महिलाओं को इतना मजबूत बनाया है कि वे हर जिम्मेदारी निभा सकती हैं और बच्चे के विकास में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने संचालित महिला कोष सक्षम योजना के तहत दो महिलाओं को क्रमशः 80 हजार और 1.20 लाख रुपए के चेक वितरित किए।
मोबाइल की लत से बच्चों को बचाने की अपील
मंत्री ने बच्चों पर मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि बच्चों को बचपन से ही मोबाइल की आदत न लगाएं और उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर ध्यान दें।

उन्होंने प्रदेश स्तर पर शुरू किए जा रहे ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान की जानकारी देते हुए बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने के लिए उनके आहार में मुनगा शामिल करने पर जोर दिया।
सलौनी में पीएम आवास का किया गृह प्रवेश

जालबांधा के बाद मंत्री ग्राम सलौनी पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के दो हितग्राहियों के नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश कराया। उन्होंने आवासों का निरीक्षण करने के साथ हितग्राहियों से निर्माण से जुड़ी जानकारी भी ली। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा बच्चों से बातचीत की।

कलेक्टोरेट में ली विभागीय समीक्षा बैठक
दौरे के अगले चरण में मंत्री राजवाड़े ने कलेक्टर कार्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया।
आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाली समेत कई सवालों पर जांच के निर्देश

पत्रकारों ने जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्रों के जर्जर होने, महतारी वंदन योजना का लाभ पुरुष को मिलने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में शराब पीने जैसे गंभीर सवाल मंत्री के समक्ष रखे। इस पर मंत्री ने संबंधित मामलों की जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मामलों का परीक्षण कराया जाएगा और यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।

मंत्री के दौरे के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, दिनेश वर्मा, भुनेश्वरी देवांगन, गिरजा चंद्राकर, राजेश्री त्रिपाठी, जंत्री साहू, जीवन देवांगन, गोरेलाल वर्मा, ज्योति जंघेल, नीलिमा गोस्वामी, आयश सिंह, शैलेन्द्र त्रिपाठी, ऋषभ सिंह, जयप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी पीआर खुटेल तथा एसडीएम टंकेश्वर साहू उपस्थित रहे।


