खैरागढ़. महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दौरे पर रहेंगी। मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री राजवाड़े अपने प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और विभागीय गतिविधियों का जायजा लेंगी।
मंत्री का दौरा जालबांधा से शुरू होगा। यहां वे गोदभराई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद जालबांधा से खैरागढ़ मार्ग में स्थित सलोनी पहुंचेंगी, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे सलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण करेंगी।
इसके पश्चात मंत्री खैरागढ़ पहुंचेंगी, जहां राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘साइबर जागरूकता अभियान’ कार्यक्रम में शामिल होंगी।

दौरे के अगले चरण में मंत्री कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, खैरागढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगी। इसके बाद वीसी के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में भी शामिल होंगी।
अपने दौरे के अंतिम चरण में मंत्री जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करेंगी। यहां महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सुविधाओं की जानकारी लेंगी। मंत्री के दौरे को विभागीय योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


