खैरागढ़. ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम घोंघेडबरी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ माखन वर्मा की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में धान की फसल में खाद का छिड़काव करने के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हमले के बाद मची अफरा-तफरी के बीच माखन वर्मा धान के खेत में पानी के बीच मृत अवस्था में मिले। उनकी मौत मधुमक्खियों के काटने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम भनपुरी, जिला राजनांदगांव निवासी माखन वर्मा अपनी बेटी बोधंतिन वर्मा के घर ग्राम घोंघेडबरी आए हुए थे और खेती कार्य में बेटी का सहयोग कर रहे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे माखन वर्मा, उनकी बेटी बोधंतिन वर्मा और उनकी नातिन खेत में लगी धान की फसल में खाद का छिड़काव करने पहुंचे थे। तीनों खेत में काम कर रहे थे, तभी पास के खेत में स्थित नीम के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां भिनभिनाते हुए बाहर निकलीं और खेत में काम कर रहे तीनों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों को अपनी ओर आते देख माखन, उनकी बेटी और नातिन जान बचाने के लिए खेत से भागने लगे। इसी दौरान तीनों अलग-अलग हो गए। बोधंतिन और उनकी पुत्री किसी तरह भागते हुए घायल अवस्था में गांव पहुंचीं। गांव पहुंचने के बाद जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो माखन उनके साथ नहीं थे। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सरपंच सहित ग्रामीणों का समूह माखन की तलाश में खेत की ओर रवाना हुआ। ग्रामीणों ने खेत में धान की फसल के बीच पानी में माखन को डूबे हुए देखा। पास जाकर जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल ठेलकाडीह पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत की असली वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मधुमक्खियों के हमले के दौरान माखन वर्मा पानी भरे खेत में गिरने से डूबे या मधुमक्खियों के डंक से उनकी तबीयत बिगड़ी अथवा मौत का कोई अन्य कारण रहा, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद घोंघेडबरी और माखन के गांव भनपुरी में शोक का माहौल है। वहीं माखन वर्मा की असमय मौत से उनकी बेटी और नातिन का रो-रोकर बुरा हाल है।


