खैरागढ़. जिले में बीते करीब 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। लगातार बारिश का असर अब जिले के प्रमुख मार्गों पर भी दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण आवाजाही बंद हो गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और जलमग्न मार्गों पर आवागमन का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।
धमधा-गंडई मार्ग पर दनिया पुल बंद
लगातार बारिश के कारण धमधा-गंडई मार्ग पर दनिया पुल के ऊपर करीब तीन फीट तक पानी बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने के चलते इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर रुकने तथा पानी का बहाव कम होने तक पुल पार नहीं करने की हिदायत दी गई है।
रेंगाकठेरा में भी बंद हुआ खैरागढ़-दुर्ग मार्ग
इसी तरह खैरागढ़-दुर्ग मार्ग पर ग्राम रेंगाकठेरा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण यहां भी आवाजाही बंद हो गई है। इसके अलावा जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे पुल-पुलियाओं के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे स्थानीय आवागमन प्रभावित हुआ है।
नदी-नालों और जलमग्न मार्गों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जलमग्न पुल, पुलिया और रपट को पार करने का प्रयास नहीं करने कहा है। लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने कहा है कि पिकनिक, सेल्फी लेने अथवा बाढ़ और तेज बहाव का नजारा देखने के लिए नदी-नालों के करीब जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है। विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों से दूर रखने तथा अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने कहा गया है।
जिन पुल-पुलियों, रपटों या सड़कों पर पानी बह रहा हो, वहां से आवागमन नहीं करने और पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रुकने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है। प्रशासन ने मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और अफवाहों से बचने की भी अपील की है।
24 घंटे सतर्क हैं प्रशासन की टीमें
जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है तथा संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियां की गई हैं।
बाढ़ और आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी बाढ़, जलभराव अथवा अन्य आपदा संबंधी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष 07820-299631 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम 94792-47401 पर भी सूचना दी जा सकती है।
अनुविभागीय स्तर पर संपर्क:
एसडीएम खैरागढ़: 07820-299315, 8839474206
एसडीएम गंडई-छुईखदान: 07743-263530, 9407620657
तहसील स्तर पर हेल्पलाइन:
खैरागढ़: 07820-224230
छुईखदान: 07743-263503
गंडई: 07743-260506
साल्हेवारा: 07743-299647, 9009832630
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम न लें और अनावश्यक सफर से बचें। जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें, जलमग्न पुल-पुलिया और रपट पार न करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य समय पर किया जा सके।


